‘नथिंग पेंडिंग, एट द ईयर एंडिंग’. : सुशासन कार्यालय बनने की राह पर जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय

हरयाणा

नव वर्ष की पूर्व संध्या पर  डीईईओ कार्यालय में हुआ अनोखा कार्यक्रम

 जीरो पेंडेंसी का रिपोर्ट कार्ड दिखा कर्मचारियों ने डीईईओ सुधीर कालड़ा से ली नव वर्ष की बधाई

अंबाला शहर, 1/1/2025 :

वर्ष का जश्न बनाने का हर किसी का अपना तरीका है। कोई एक दूसरे को बधाई संदेश देकर तो कोई फूलों का गुलदस्ता देकर, कोई उपहार से तो कोई मिठाई खिलाकर नव वर्ष की बधाई देता है। लेकिन अंबाला शहर के शिक्षा सदन में स्थित जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय में कर्मचारियों ने अपने अधिकारी जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी सुधीर कालड़ा के नेतृत्व में नव वर्ष 2025 का अभिनंदन बहुत ही अनोखे तरीके से किया। सभी कर्मचारियों और स्वयं जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी सुधीर कालड़ा ने आज नव वर्ष की पूर्व संध्या पर वर्ष 2024 के सभी लंबित कार्यों का निपटाकर एक दूसरे को ‘जीरो पेंडेंसी’ रिपोर्ट दिखाकर नव वर्ष की बधाई दी।

हुआ यूं कि गत 25 दिसंबर को सुशासन दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन द्वारा जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी सुधीर कालड़ा को जिला स्तरीय प्रथम सुशासन पुरस्कार प्रदान किया गया था। इस उपलक्ष में 26 दिसंबर को अपने स्टाफ को संबोधित करते हुए श्री कालड़ा ने अपने कार्यालय के सभी कर्मचारियों को अपील की थी कि नववर्ष प्रारंभ होने वाला है और नव वर्ष के अवसर पर हम सभी एक दूसरे को अच्छे स्वास्थ्य, कुशल क्षेम और समृद्धि के लिए शुभकामनाएं देते हैं, सभी के लिए नव वर्ष मंगलमय हो ऐसा बोलते हैं। लेकिन यदि हम पिछले वर्ष के किसी लंबित कार्य के बोझ को लेकर नव वर्ष में प्रवेश करेंगे तो न तो नव वर्ष हमारे लिए ही मंगलमय होगा और न हीं उन लोगों के लिए जिनके कार्य हमारे कार्यालय में लंबित पड़े हैं। अतः हम सबका यह लक्ष्य होना चाहिए कि नव वर्ष में कदम रखने से पहले हम पिछले वर्ष का कोई भी कार्य लंबित नहीं रहने देंगे, ऐसा करने पर हम सभी नव वर्ष में हर्षोल्लास के साथ प्रवेश कर पाएंगे और अपने कार्यालय को एक सुशासन कार्यालय बना पाएंगे। सुधीर कालड़ा ने इस संबंध में सभी कर्मचारियों को एक प्रोफार्मा भी दिया और कहा कि सभी कर्मी नव वर्ष से पूर्व ही अपने सभी लंबित कार्य पूर्ण कर इस प्रोफार्मा में पेंडेंसी रिपोर्ट शून्य करके दें। जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी की इस सुशासन अपील का कर्मचारियों पर बड़ा ही सकारात्मक प्रभाव हुआ और सभी कर्मचारियों ने नव वर्ष की पूर्व संध्या पर सभी लंबित मेडिकल बिल, एलटीसी, चाइल्ड केयर लीव, एसीपी, जीपीएफ एडवांस, अध्यापन अनुभव प्रमाण पत्र, सेवा विस्तार, स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति और बजट ऐस्टीमेट आदि सभी कार्यों का निपटान कर कार्यालय की पेंडेंसी रिपोर्ट शून्य कर दी। सभी कर्मचारियों ने ‘नथिंग पेंडिंग, एट द ईयर एंडिंग’ रिपोर्ट दिखाकर जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी सुधीर कालड़ा और एक दूसरे से हर्ष और उल्लास के साथ नव वर्ष की शुभकामनाएं ली।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *